अपील: 28 मार्च को ‘अर्थ ऑवर’ मनाएगा उत्तराखंड, रात 8:30 से 9:30 बजे तक लाइट बंद रखने की अपील

28 मार्च को ‘अर्थ ऑवर’ मनाएगा उत्तराखंड, रात 8:30 से 9:30 बजे तक लाइट बंद रखने की अपील
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने 28 मार्च 2026 को ‘अर्थ ऑवर’ (Earth Hour) मनाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में शासन स्तर से सभी विभागों, अधिकारियों और जनपदों को निर्देश जारी किए गए हैं।
शासन द्वारा जारी पत्र के अनुसार, 28 मार्च को रात 8:30 बजे से 9:30 बजे तक एक घंटे के लिए गैर-जरूरी लाइट बंद रखने की अपील की गई है। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
पत्र में बताया गया है कि यह पहल WWF इंडिया से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप की जा रही है, जिसका उद्देश्य लोगों को ऊर्जा बचत और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक करना है।
सचिव विनोद कुमार सुमन द्वारा जारी निर्देशों में सभी विभागाध्यक्षों, जिलाधिकारियों, पुलिस विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार करने और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार ने सभी सरकारी और निजी संस्थानों के साथ-साथ आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए निर्धारित समय पर अनावश्यक बिजली उपयोग से बचें और पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।




