
हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के टीबड़ी में पत्नी से कहासुनी के बाद एक युवक मंगलवार को अपने तीन छोटे बच्चों को लेकर प्रेमनगर घाट पहुंच गया। आरोप है कि युवक बच्चों को गंगनहर में फेंकने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ गई और उन्होंने समय रहते युवक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची ज्वालापुर कोतवाली पुलिस युवक को अपने साथ ले गई।

पुलिस के अनुसार, टीबड़ी कॉलोनी निवासी तरुण पुत्र छोटे लाल का मंगलवार दोपहर किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया था। कहासुनी के बाद वह अपने तीनों बच्चों को लेकर प्रेमनगर घाट पहुंचा। स्थानीय लोगों ने उसे बच्चों को नहर में फेंकने का प्रयास करते देखा तो उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने के साथ उसकी पत्नी को भी बुलाया। दोनों की काउंसलिंग की गई और उन्हें परिवार की जिम्मेदारियों के प्रति समझाया गया। पुलिस के मुताबिक, तरुण ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसा कदम नहीं उठाने की बात कही।
पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि वह बच्चों को नहर में फेंकने के बाद खुद भी गंगनहर में कूदने का इरादा रखता था। वहीं, उसकी पत्नी ने आरोप लगाया कि पति नशे की हालत में उसके साथ मारपीट करता है, घर का खर्च नहीं देता और आए दिन विवाद करता है।
प्रभारी इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि पत्नी से कहासुनी के बाद युवक तीन बच्चों को लेकर प्रेमनगर घाट पहुंचा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिवार को समझाया। युवक द्वारा अपनी गलती स्वीकार करने के बाद सभी को सकुशल घर भेज दिया गया।


