
लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा की पहल पर प्रदेश के करीब 55 हजार दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को राहत मिली है। पशु आहार की बढ़ी हुई दरों के आदेश को दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया है।

मुकेश बोरा ने बताया कि बरसात और दैवीय आपदा की परिस्थितियों के साथ ही आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए पशुपालकों पर अतिरिक्त आर्थिक भार न पड़े, इसके लिए उन्होंने दुग्ध विकास मंत्री को पत्र भेजकर 14 सितंबर 2026 को जारी पशु आहार की दरों में वृद्धि के आदेश पर पुनर्विचार का आग्रह किया था।
उन्होंने बताया कि मंत्री ने पशुपालकों की परिस्थितियों को देखते हुए 14 सितंबर को जारी पशु आहार की दरों में वृद्धि एवं अनुदान में संशोधन संबंधी आदेश को अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया है। इससे नैनीताल जिले के करीब 34 हजार और पूरे प्रदेश के करीब 55 हजार दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को राहत मिली है।
बोरा के अनुसार, 14 सितंबर के आदेश में पशु आहार, मिनरल मिक्सचर, कॉम्पैक्ट फीड तथा साइलेज-भूसा की दरों में वृद्धि की गई थी। वर्तमान में बरसात और दैवीय आपदा के कारण पशुपालकों को आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में दरों में वृद्धि से उनके ऊपर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ने की आशंका थी।
मुकेश बोरा ने कहा कि उन्होंने पशुपालकों की इसी चिंता को मंत्री के समक्ष रखा था। मंत्री ने मामले का संज्ञान लेते हुए दर वृद्धि संबंधी आदेश को स्थगित कर दिया, जिससे हजारों पशुपालकों को तत्काल राहत मिली है।
उन्होंने पशुपालकों के हित में लिए गए निर्णय के लिए दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त किया।


