
–
दो बार निर्विरोध संचालक मंडल सदस्य और दो बार ग्राम प्रधान रहे, पहाड़ में कीवी उत्पादन व पशुपालन को दी नई पहचान
लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के संचालक मंडल सदस्य एवं धारी-पोखराड़ निवासी किशन सिंह बिष्ट के आकस्मिक निधन से दुग्ध संघ समेत सहकारी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन पर दुग्ध संघ की प्रबंध कमेटी, अधिकारियों और कर्मचारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया।

किशन सिंह बिष्ट नैनीताल दुग्ध संघ के संचालक मंडल सदस्य के रूप में दो बार निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। इसके अलावा वह धारी क्षेत्र में दो बार ग्राम प्रधान और एक बार क्षेत्र पंचायत सदस्य भी रहे। ग्रामीण विकास, दुग्ध व्यवसाय, पशुपालन और पर्वतीय क्षेत्रों में कीवी उत्पादन को बढ़ावा देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पर्वतीय क्षेत्र में कीवी उत्पादन को बढ़ावा देने के प्रयासों के चलते किशन सिंह बिष्ट को ‘कीवीमैन’ के नाम से भी पहचान मिली। उन्होंने किसानों और पशुपालकों को दुग्ध व्यवसाय एवं पशुपालन से जोड़ने के साथ ही पहाड़ में कीवी उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कार्य किया। सहकारी एवं सामाजिक क्षेत्र में भी उनका सक्रिय योगदान रहा।
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने किशन सिंह बिष्ट के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किशन सिंह बिष्ट का निधन दुग्ध संघ और सहकारी क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन के चलते संघ की ओर से आगामी तीन दिनों के लिए बैठक, बोनस वितरण सहित अन्य निर्धारित कार्यक्रम निरस्त करने का निर्णय लिया गया है।
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के आंचल परिवार, प्रबंध कमेटी, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत किशन सिंह बिष्ट के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

