
रवि शंकर शर्मा
हर वर्ष 5 सितंबर को भारत में शिक्षक दिवस मनाया जाता है। इस दिन हम अपने शिक्षकों की सेवाओं और योगदान को नमन करते हैं। उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सरकार की ओर से सम्मानित और पुरस्कृत भी किया जाता है। भारत में शिक्षक दिवस पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिन के अवसर पर मनाया जाता है। राधाकृष्णन स्वयं एक महान शिक्षक के रूप में भी जाने जाते हैं।

शिक्षक दिवस केवल भारत में ही नहीं, बल्कि दुनिया के अनेक देशों में अलग-अलग तिथियों पर विभिन्न तरीकों से मनाया जाता है। आइए जानते हैं अलग-अलग देशों में शिक्षक दिवस कब और कैसे मनाया जाता है।
ताइवान और चीन में 28 सितंबर को शिक्षक दिवस
ताइवान में 28 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। यह दिन शिक्षकों के गुणों, उनके परिश्रम तथा विद्यार्थियों और समाज के प्रति उनके योगदान के सम्मान के रूप में मनाया जाता है। इस तिथि को कन्फ्यूशियस के जन्मदिन से भी जोड़ा जाता है। कन्फ्यूशियस को प्राचीन चीन के आदर्श शिक्षक के रूप में माना जाता है। चीन में भी 28 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाने की परंपरा रही है।
अमेरिका और दक्षिण कोरिया में अलग परंपरा
अमेरिका में राष्ट्रीय शिक्षक दिवस मई के प्रथम सप्ताह में मनाया जाता है। इस अवसर पर विद्यार्थी अपने शिक्षकों को उपहार देकर उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करते हैं।
दक्षिण कोरिया में शिक्षक दिवस मनाने की शुरुआत वर्ष 1963 में हुई। वहां 15 मई को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। शुरुआत में रेड क्रॉस समूह के सदस्यों ने अपने बीमार शिक्षकों से अस्पताल जाकर मुलाकात और उनकी सेवा की। इसके बाद यह परंपरा शिक्षक दिवस के रूप में विकसित हुई।
तुर्की में 24 नवंबर को शिक्षक दिवस
तुर्की में 24 नवंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1981 में राष्ट्रपति केनान एवरेन ने आधुनिक तुर्की के संस्थापक मुस्तफा कमाल अतातुर्क की सौवीं जयंती के अवसर पर शिक्षकों को सम्मानित करने के लिए इस दिन को शिक्षक दिवस के रूप में मनाने की नींव रखी थी।
अल्बानिया, चेक गणराज्य और स्लोवाकिया में विशेष आयोजन
अल्बानिया में 7 मार्च को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। इस दिन स्कूलों में एक प्रकार का अनौपचारिक अवकाश रहता है। विद्यार्थी और शिक्षक मिलकर इस दिन का आनंद लेते हैं।
चेक गणराज्य और स्लोवाकिया में शिक्षक दिवस 28 मार्च को मनाया जाता है। यह महान शिक्षक जैन अमोस कोमेंस्की के जन्मदिन का अवसर है। इस दिन विद्यार्थी अपने शिक्षकों को फूल भेंट करते हैं और उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित भी किया जाता है।
लैटिन अमेरिकी देशों में अलग-अलग तिथियां
अर्जेंटीना में 11 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। यह देश के राष्ट्रपति डोमिंगो फॉस्टिनो सारमिएंतो की पुण्यतिथि है। वे राजनीतिज्ञ होने के साथ-साथ महान शिक्षक भी थे।
वर्ष 1943 में पनामा में आयोजित ‘इंटर-अमेरिकन कॉन्फ्रेंस ऑन एजुकेशन’ में लैटिन अमेरिकी देशों में शिक्षक दिवस मनाने की घोषणा की गई थी। हालांकि, इन देशों में शिक्षक दिवस अपने-अपने महान शिक्षकों और राष्ट्रीय घटनाओं से जुड़ी तिथियों पर मनाया जाता है।
ब्राजील में 15 अक्टूबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है, जिसे ‘मास्टर डे’ भी कहा जाता है। वेनेजुएला में 15 जनवरी, मेक्सिको में 15 मई, पेरू में 6 जुलाई और कोलंबिया में मई माह में शिक्षक दिवस मनाया जाता है।
पोलैंड में राष्ट्रीय शिक्षा दिवस
पोलैंड में 14 अक्टूबर को शिक्षक दिवस ‘राष्ट्रीय शिक्षा दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। वर्ष 1773 में इसी दिन पोलैंड में राष्ट्रीय शिक्षा आयोग की स्थापना हुई थी। इस अवसर पर विद्यार्थी अपने शिक्षकों को फूल और उपहार देकर उनके प्रति आभार व्यक्त करते हैं।
वियतनाम, थाईलैंड और ईरान में भी अलग तिथियां
वियतनाम में 20 नवंबर को शिक्षक दिवस ‘एजुकेटर्स डे’ के रूप में मनाया जाता है। थाईलैंड में 21 नवंबर 1956 को शिक्षक दिवस मनाने संबंधी प्रस्ताव पारित किया गया था और 16 जनवरी 1957 को वहां पहला शिक्षक दिवस मनाया गया।
ईरान में 2 मई को मोर्तेजा मोतहरी की शहादत की स्मृति में शिक्षक दिवस मनाया जाता है।
दुनिया के अन्य देशों में भी अलग-अलग दिन
ऑस्ट्रेलिया में अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में, इंडोनेशिया में 25 नवंबर, मलेशिया में 16 मई, रूस में 5 अक्टूबर, सिंगापुर में 1 सितंबर और हंगरी में जून के प्रथम सप्ताह में शिक्षक दिवस मनाया जाता है।
इसके अलावा ओमान, सीरिया, मिस्र, लीबिया, कतर, बहरीन, संयुक्त अरब अमीरात, यमन, ट्यूनीशिया, जॉर्डन, सऊदी अरब, अल्जीरिया और मोरक्को सहित कई अरब देशों में भी शिक्षक दिवस मनाने की परंपरा है।
शिक्षक दिवस की तिथि और इसे मनाने की परंपरा भले ही अलग-अलग देशों में अलग हो, लेकिन इसका मूल उद्देश्य एक ही है—शिक्षकों के ज्ञान, समर्पण, परिश्रम और समाज निर्माण में उनके योगदान के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करना।
(लेखक अचीवर्स एकेडमी के निदेशक हैं।)

