
रामनगर। पीरूमदारा क्षेत्र के हिम्मतपुर में गन्ने के खेत से 30 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अर्जुन पुत्र सुनील कुमार, निवासी नजीबाबाद, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। शव पर चोटों के निशान मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अर्जुन रक्षाबंधन से एक दिन पहले अपने घर नजीबाबाद से रामनगर में काम करने के लिए निकला था। इसके बाद वह घर वापस नहीं पहुंचा। गुरुवार को हिम्मतपुर चौसठ नंबर गेट के पास गन्ने के खेत में उसका शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल की चिकित्सक के अनुसार पुलिस दोपहर करीब साढ़े 12 बजे एक अज्ञात युवक का शव एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल लेकर आई थी। बाद में शव की पहचान अर्जुन पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई।
चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान शव के शरीर पर चोटों के कुछ निशान भी पाए गए हैं। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।


