
बदरीनाथ हाईवे पर मालाकुंठी के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि स्विफ्ट कार सामने से आ रहे डंपर के नीचे जा घुसी। टक्कर में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, श्रीनगर के डांग निवासी चार लोग स्विफ्ट कार से ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रहे थे। मालाकुंठी के पास एक मोड़ पर सामने से आ रहे डंपर से उनकी कार की जोरदार आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह पिचक गई और उसका अगला हिस्सा डंपर के नीचे फंस गया।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कार चला रहे ऋषभ सेमवाल और उनकी बहन रक्षा सेमवाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पिछली सीट पर बैठे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव दल ने कड़ी मशक्कत कर क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। दोनों घायलों को तत्काल एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और मोड़ पर दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।

