प्रतीकात्मक चित्र
देहरादून, 20 नवंबर। पोलियो मुक्त स्थिति को बनाए रखने के लिए उत्तराखंड के चार जिलों में 22 नवंबर से उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान (SNID-2026) शुरू होगा। टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, चमोली और नैनीताल में पांच वर्ष तक की उम्र के लगभग 2.56 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक देने का लक्ष्य तय किया गया है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक डॉ. अमित शुक्ला की अध्यक्षता में 19 नवंबर को हुई राज्य स्तरीय बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। विभाग ने बूथ दिवस के लिए 2,053 केंद्र बनाए हैं, जिनमें 1,466 पर्वतीय और 587 मैदानी क्षेत्रों में होंगे।
छूटे बच्चों तक घर-घर पहुंचेंगी टीमें
22 नवंबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक बूथों पर ओरल पोलियो वैक्सीन की दो बूंद पिलाई जाएंगी। इसके बाद 23 से 28 नवंबर तक स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को खुराक देंगी, जो बूथ दिवस पर छूट जाएंगे।
विभाग ने निर्देश दिए हैं कि पहले टीका या पोलियो की खुराक ले चुके पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों को भी इस अभियान में शामिल किया जाए। प्रवासी परिवारों, निर्माण स्थलों, ईंट-भट्ठों, शहरी मलिन बस्तियों और दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा, समाज कल्याण और पंचायती राज विभाग तथा सहयोगी संस्थाएं भाग लेंगी। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को 22 नवंबर को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य ले जाएं।


