हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 के लिए गंगा तटों पर अस्थायी कुंभ नगरी बसाने का काम शुरू हो गया है। पहले चरण में पंतद्वीप, बैरागी कैंप, गौरीशंकर और दक्षद्वीप में टेंट स्थापित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में मेले की व्यवस्थाओं में जुटने वाले कार्मिकों के लिए आवास और कार्यालय बनाए जाएंगे।
पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों के करीब 30 से 35 हजार कार्मिकों की तैनाती को ध्यान में रखते हुए कार्यस्थलों के अनुसार अलग-अलग सेक्टरों में शिविरों की योजना बनाई गई है। मेला भूमि को चरणबद्ध तरीके से तैयार कर टेंट लगाए जा रहे हैं।
अस्थायी नगरी में स्विस कॉटेज, ईपी टेंट, फैमिली टेंट, छोलदारी, दरबारी, महाराजा और पगोडा टेंट सहित जर्मन हैंगर लगाए जाने हैं। कार्मिकों के आवास और कार्यालयों के लिए पांच हजार से अधिक टेंट प्रस्तावित हैं। इसके साथ ही अखाड़ों, आश्रमों और धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं के शिविरों की तैयारियां भी जारी हैं।
गुरुवार को मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने बैरागी कैंप, पंतद्वीप और दक्षद्वीप में टेंट स्थापना तथा प्रस्तावित सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने और कार्मिकों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को कहा कि शिविर स्थलों तक सड़क संपर्क, निर्बाध बिजली, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और स्वच्छता की व्यवस्था योजनाबद्ध ढंग से पूरी की जाए। टेंट स्थापना के साथ ही ये सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएं, जिससे कार्मिकों के पहुंचने से पहले सभी इंतजाम तैयार रहें। निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी श्री मंजीत सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
आने वाले महीनों में बाहरी सेक्टरों में भी टेंट और शिविरों की स्थापना का काम आगे बढ़ेगा। इससे गंगा तटों पर कुंभ की अस्थायी नगरी का स्वरूप और स्पष्ट दिखाई देने लगेगा।


