लालकुआं। भारत की जनगणना-2027 को लेकर नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआं ने जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की पहल की है। संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनगणना के प्रथम चरण के तहत संचालित स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया की जानकारी दी गई। बैठक में तय किया गया कि दुग्ध संघ से जुड़ी 710 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के माध्यम से करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादकों और उनके परिवारों तक जागरूकता संदेश पहुंचाया जाएगा।
बैठक में खाद्य पूर्ति अधिकारी एवं सहायक चार्ज अधिकारी मोहित कठायत ने स्व-गणना प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत नागरिक स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं। समितियों के पदाधिकारियों, सचिवों और संबंधित कार्मिकों के सहयोग से पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में इस प्रक्रिया की उपयोगिता और ऑनलाइन पंजीकरण के बारे में जानकारी साझा की जाएगी।

अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है। सटीक जनसंख्या आंकड़ों के आधार पर ही सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का बेहतर नियोजन और प्रभावी क्रियान्वयन कर सकती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
मुकेश बोरा ने सभी दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के सचिवों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादकों और उनके परिवारों को जागरूक करने के लिए लिखित पत्र भेजें। उन्होंने सचिवों से व्यक्तिगत स्तर पर भी उत्पादकों से संपर्क कर स्व-गणना में भाग लेने और ऑनलाइन पंजीकरण की जानकारी देने की अपील की।
उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 के अंतर्गत जनपद नैनीताल में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध है। नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर मोबाइल अथवा लैपटॉप से अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं। जानकारी सफलतापूर्वक जमा होने के बाद 11 अंकों की स्व-गणना आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना होगा। बाद में प्रगणक के घर पहुंचने पर यह आईडी उपलब्ध करानी होगी।
मुकेश बोरा ने कहा कि नैनीताल दुग्ध संघ दुग्ध उत्पादकों के आर्थिक एवं सामाजिक हितों के संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता तथा जनहित से जुड़े राष्ट्रीय अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।
बैठक में सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रशासन/विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी. एंड आई. सुभाष बाबू तथा प्रभारी एमआईएस जनगणना लिपिक कमलेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


