नई दिल्ली। छठ महापर्व के बाद यात्रियों की वापसी के दौरान रेलवे स्टेशनों पर बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए रेल मंत्रालय ने व्यापक इंतजाम किए हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज वार रूम से उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ की स्थिति, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
समीक्षा के दौरान रेल मंत्री ने विभिन्न स्टेशनों के सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड के माध्यम से भीड़ की निगरानी की और अधिकारियों से उन स्थानों की जानकारी ली, जहां यात्रियों का दबाव अधिक है। उन्होंने अत्यधिक भीड़ वाले स्टेशनों पर ट्रेनों का सुचारु परिचालन बनाए रखने तथा यात्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
रेल मंत्री ने पटना, दानापुर, राजेंद्र नगर टर्मिनल, सहरसा, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और जयनगर सहित प्रमुख स्टेशनों पर बनाए गए होल्डिंग एरिया की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। रेलवे के अनुसार, इस वर्ष होल्डिंग एरिया की सुविधा पिछले वर्ष के 25 स्टेशनों से बढ़ाकर 44 स्टेशनों तक विस्तारित की गई है।
छठ के अगले दिन 50 स्पेशल ट्रेनों का संचालन
यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने इस वर्ष छठ पूजा के अगले दिन 50 स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवसर पर 38 स्पेशल ट्रेनें चलाई गई थीं। यात्रियों की सुविधा के लिए नवंबर माह के दौरान भी मांग और भीड़ के अनुरूप बड़ी संख्या में विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
यात्री सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों को प्रमुख स्टेशनों पर लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त सतर्कता के तहत कुछ स्टेशनों पर डॉग स्क्वायड और चिकित्सा दल के साथ आरपीएफ की तैनाती भी की गई है।
रेल मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। रेलवे की ओर से भीड़ प्रबंधन, विशेष ट्रेनों और सुरक्षा इंतजामों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि छठ पर्व के बाद घर लौट रहे यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
संबंधित जानकारी: भारतीय रेलवे ने त्योहारों के दौरान अतिरिक्त विशेष ट्रेनों, होल्डिंग एरिया और सुरक्षा निगरानी को बढ़ाया है। उत्तर रेलवे ने भी छठ यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख स्टेशनों से विशेष ट्रेनों का संचालन किया।


