
देहरादून । बद्रीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर जोशीमठ के नजदीक छई गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना से हड़कंप मच गया। हेलीकॉप्टर में पांच यात्री और एक पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे। हादसे की खबर मिलते ही प्रशासनिक अमले में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस, यूकाडा, आपदा प्रबंधन विभाग तथा एसडीआरएफ की टीमें तत्काल बचाव अभियान में जुट गईं।
यूकाडा के अधिकारियों के अनुसार, हेलीकॉप्टर की आखिरी लोकेशन छई गांव के ऊपर स्थित सेना कैंप के पास मिली है। पायलट से संपर्क स्थापित नहीं हो पाने के कारण चिंता बढ़ गई। हेलीकॉप्टर का पता लगाने के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है। खराब मौसम के बीच राहत एवं बचाव टीमें चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में तलाश अभियान चला रही हैं।
जोशीमठ चौकी के उपनिरीक्षक मनोहर कन्याल ने हेलीकॉप्टर में पांच यात्रियों और एक पायलट के सवार होने की पुष्टि की है। हालांकि, हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की परिस्थितियों और यात्रियों की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
सीएम धामी ने दिए एयरलिफ्ट के निर्देश
हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटनाक्रम पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि छई गांव के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ संयुक्त रूप से बचाव अभियान चला रहे हैं। मुख्यमंत्री ने गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार के लिए तत्काल हायर सेंटर एयरलिफ्ट करने के निर्देश भी दिए हैं।


