
हल्दूचौड़। हल्दूचौड़ चौराहे पर गुरुवार शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से सामान लेकर जा रहा रिक्शा चालक नन्हे गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायल को हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नन्हे लालकुआं के एक थोक व्यापारी की दुकान से सामान लेकर हल्दूचौड़ स्थित एक व्यापारिक प्रतिष्ठान में पहुंचाने जा रहा था। इसी दौरान चौराहे पर कट के सामने हल्द्वानी की ओर से आ रही उत्तर प्रदेश नंबर की तेज रफ्तार कार ने उसके रिक्शे को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से नन्हे सड़क पर गिर पड़ा। उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने घायल को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची 112 पुलिस टीम ने दुर्घटनाग्रस्त कार को पकड़ लिया।


