
खटीमा। कंजाबाग स्थित श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर में शुक्रवार रात रामलीला मंचन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। खरदूषण का अभिनय कर रहे 22 वर्षीय अमित जोशी की गर्दन में अचानक तलवार लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद रामलीला परिसर में अफरातफरी मच गई। कमेटी के पदाधिकारी घायल युवक को तत्काल उप जिला चिकित्सालय ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल अमित का नगर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात कंजाबाग स्थित श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर में रामलीला का मंचन चल रहा था। इसी दौरान खरदूषण की भूमिका निभा रहे अमित जोशी की गर्दन में अचानक तलवार लग गई। हादसा इतना अप्रत्याशित था कि शुरुआत में दर्शकों और वहां मौजूद लोगों को लगा कि यह रामलीला के दृश्य का ही हिस्सा है। हालांकि, कुछ ही सेकंड में वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने पर मौके पर अफरातफरी मच गई।
घटना के बाद रामलीला कमेटी के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए घायल अमित को उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
अमित का उपचार कर रहे डॉ. कुलदीप सिंह और डॉ. अखिलेश गुप्ता ने बताया कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। वहीं, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश जोशी ने बताया कि मंचन के दौरान अभिनय करते समय यह अप्रत्याशित हादसा हुआ, जिसमें खरदूषण की भूमिका निभा रहे अमित जोशी घायल हो गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि हादसे के बावजूद रामलीला का मंचन जारी रहेगा।


