
नानकमत्ता। ऊधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता क्षेत्र के ग्राम सिद्धा नवदिया में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार रात करीब 10 बजे हमलावरों ने सतनाम सिंह (35) के घर पर धावा बोलते हुए पथराव और फायरिंग की। आरोप है कि हमलावरों ने घर के बाहर जमकर गोलियां चलाईं। इसके बाद खेत से लौट रहे सतनाम सिंह को घेरकर सीने में गोली मार दी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
चार दिन पहले हुआ था विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सिद्धा नवदिया निवासी कुलदीप सिंह का चार दिन पहले दूसरे पक्ष के लोगों से विवाद हुआ था। इस दौरान कुलदीप को जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात सामने आई है। विवाद के समय सतनाम सिंह बीच-बचाव करने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी बात को लेकर दूसरा पक्ष उनसे रंजिश रखने लगा था।
घर पर पथराव के बाद की फायरिंग
परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात करीब 10 बजे दूसरे पक्ष के लोग सतनाम सिंह के घर पहुंचे और पथराव करने के साथ फायरिंग शुरू कर दी। इससे घर में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय सतनाम सिंह खेत में मूंगफली की कटी फसल देखने गए हुए थे।
इसी दौरान घर में मौजूद सतनाम सिंह का पुत्र प्रिंस फायरिंग का वीडियो बनाने के लिए छत पर पहुंच गया। आरोप है कि हमलावरों ने उसे निशाना बनाते हुए गोली चलाई, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। प्रिंस ने हमलावरों की फायरिंग का वीडियो भी बना लिया। इसके बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए वहां से फरार होने लगे।
खेत से लौटते समय सतनाम को घेरा
बताया जा रहा है कि घर से लौटते समय हमलावरों का सामना खेत से आ रहे सतनाम सिंह से हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और गोली चला दी। गोली सतनाम सिंह के सीने में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े।
परिजन आनन-फानन में उन्हें उप जिला चिकित्सालय सितारगंज ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रुद्रपुर रेफर कर दिया गया। रुद्रपुर पहुंचने पर चिकित्सकों ने देर रात सतनाम सिंह को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव मोर्चरी भिजवाया, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने पर नानकमत्ता पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी भिजवाया। रविवार सुबह पुलिस पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुट गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावर कथित तौर पर सतनाम सिंह के छोटे भाई कुलदीप सिंह को निशाना बनाने के इरादे से आए थे, लेकिन सतनाम के सामने आने पर उन्हें गोली मार दी गई।
परिजनों ने पुलिस पर लगाए लापरवाही के आरोप
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने नानकमत्ता पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पूर्व में विवाद और धमकी को लेकर शिकायत दी गई थी, लेकिन पुलिस ने उस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की। परिजनों का आरोप है कि समय रहते कार्रवाई होती तो शायद इस वारदात को रोका जा सकता था।
फिलहाल घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की विस्तृत जांच को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।


