
केलाखेड़ा -उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर के तत्वाधान में डॉ० एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर छात्र-छात्राओं को विश्व छात्र दिवस की जानकारी दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर सचिव ममता पंत के निर्देशन में केबीएन मेमोरियल स्कूल फिदानगर केलाखेड़ा बाजपुर में प्रधानाचार्य श्री ताहिर हुसैन की अध्यक्षता में डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर पराविधिक कार्यकर्ता मोहम्मद शहीद ने विश्व छात्र दिवस एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर की ओर से मिलने वाली निशुल्क विधिक सेवाओं एवं राष्ट्रीय नालसा हैल्पलाइन नंबर 15100 की विस्तार पूर्वक जानकारी दी। विद्यालय प्रबंधक श्री निजाम अख्तर ने डॉ० एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर छात्र-छात्राओं को जानकारी देते हुए बताया कि एक डॉ० एपीजे अब्दुल कलाम भारत के महान वैज्ञानिक ऐरोस्पेस इंजीनियर और देश के 11वें राष्ट्रपति थे, उन्हें दुनिया भर में मिसाइल मैन और जनता के राष्ट्रपति के रूप में जाना जाता है। उनका जन्म 15 अक्टूबर 1931 को तमिलनाडु के रामेश्वरम में एक तमिल मुस्लिम परिवार में हुआ था उनके पिता जैनुलवादिन एक नाविक थे और माता आशियाम्मा ग्रहणी थी।उन्होंने शिक्षा सेंट जोसेफ कॉलेज तिरुचिरापल्ली में भौतिकी में स्नातक और मद्रास इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी से एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की थी ।वे जुलाई 2002 से जुलाई 2007 तक भारत के 11 राष्ट्रपति रहे।उन्हें राजनीतिक पृष्ठभूमि न होने के बावजूद भी सभी दलों और देश की जनता का अपार स्नेह और सम्मान मिला। उन्हें पद्म विभूषण 1981 व पदम विभूषण 1990 तथा भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न 1997 में प्राप्त हुआ। डॉ एपीजे अब्दुल कलाम का 27 जुलाई 2015 को शिलांग (मेघालय)स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान में छात्रों को व्याख्यान देते समय दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। उन्होंने बताया कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जन्मदिन को विश्व छात्र दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। इस अवसर पर प्रबंधक निजाम अख्तर द्वारा पराविधिक कार्यकर्ता की टीम को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि तहसील बाजपुर के पराविधिक कार्यकर्ताओं द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उधम सिंह नगर सचिव ममता पंत के निर्देशन में पूरे क्षेत्र में कानून के प्रति जागरूकता कार्यक्रम चलाकर बहुत ही सराहनीय कार्य किये जा रहे हैं। इस मौके पर पराविधिक कार्यकर्ता रूना पारुल,सुनीता, गीता जोशी,अंजली, शिवानी प्रोबोनो पीएलवी सिराज अहमद आदि मौजूद रहे।


