देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में पूर्व अपर सचिव श्री आर.सी. लोहनी द्वारा लिखित पुस्तक ‘सेवा विधि’ का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुस्तक को सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि यह पुस्तक शासन-प्रशासन में कार्यरत लोकसेवकों को नियमों, कानूनों और प्रक्रियाओं की सही एवं सरल जानकारी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि सरकारी सेवा में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी का दायित्व है कि वह सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और पूर्ण समर्पण के साथ राज्य के विकास में अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावी, सरल और त्वरित बनाने के लिए नियमों एवं प्रक्रियाओं की स्पष्ट समझ होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य गठन के बाद अब तक ऐसी कोई समग्र पुस्तक उपलब्ध नहीं थी, जिसमें सरकारी सेवा से संबंधित नियम, संवैधानिक प्रावधान, शासनादेश और उच्चतम न्यायालय एवं उच्च न्यायालयों के महत्वपूर्ण निर्णय एक ही स्थान पर सरल एवं व्यवस्थित रूप में संकलित हों। ‘सेवा विधि’ इस कमी को दूर करने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुस्तक केवल एक प्रकाशन नहीं, बल्कि प्रदेश के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक व्यवहारिक मार्गदर्शिका है, जो उन्हें अपने पूरे सेवाकाल में सही निर्णय लेने और नियमों के अनुरूप कार्य करने में सहायता प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी को सेवा इसलिए कहा जाता है क्योंकि एक सरकारी अधिकारी का प्रत्येक निर्णय समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के जीवन को प्रभावित करता है। जब कोई अधिकारी किसी नागरिक की समस्या का समाधान करता है, गरीब को उसका अधिकार दिलाता है या किसान, महिला, युवा और बुजुर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाता है, तब वह वास्तविक अर्थों में राष्ट्रसेवा करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक लोकसेवक के लिए केवल ईमानदारी ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि नियमों, कानूनों और प्रक्रियाओं की गहन जानकारी भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि कुछ अधिकारी नियमों की आत्मा को समझते हैं और जनहित के लिए उन्हीं नियमों के भीतर समाधान तलाशते हैं। शासन का उद्देश्य केवल नियमों का पालन कराना नहीं, बल्कि जनता का जीवन सरल और सुगम बनाना है।
पुस्तक के लेखक एवं पूर्व अपर सचिव श्री आर.सी. लोहनी ने बताया कि पुस्तक में सरकारी सेवाओं से संबंधित संवैधानिक व्यवस्थाओं, अधिनियमों, नियमों, विनियमों, शासनादेशों तथा उच्चतम न्यायालय एवं उच्च न्यायालयों के महत्वपूर्ण निर्णयों और सिद्धांतों को समाहित किया गया है, ताकि सरकारी सेवाओं से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक जानकारी उपलब्ध हो सके।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल, पूर्व अपर सचिव श्री भूपेश तिवारी, श्री जी.बी. ओली, श्री रमेशचन्द्र शर्मा, श्री हन्सादत्त पाण्डेय, पूर्व संयुक्त सचिव नवीन सिंह तड़ानी, डॉ. डी.एस. रावत, कर्नल (से.नि.) शिव सहरावत, वैज्ञानिक (से.नि.) पी.सी. वर्मा, उपायुक्त परिवहन श्री सुनील शर्मा, अनुभाग अधिकारी श्री दीपक जोशी, श्री रणधीर अरोड़ा, श्री पूरन सिंह रावत, श्री अश्विनी सिंह नेगी, श्री आर.सी.एस. बिष्ट, श्री विकास श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

