
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हल्द्वानी में आयोजित उत्तराखंड प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन में व्यापारियों के हित में आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें बाजारों में सड़क और नालियों की मरम्मत, आपदा प्रभावित कारोबारियों को राहत, उद्योग मित्र समितियों का पुनर्गठन, जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों के दुर्घटना बीमा का प्रचार-प्रसार और पर्यटन कारोबार का पंजीकरण सरल बनाना शामिल है। इसके साथ ही होम स्टे को बढ़ावा देने, चारधाम यात्रा मार्ग पर पार्किंग विकसित करने और पंजीकृत श्रमिकों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया।
राजकीय मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। सरकार व्यापारियों को केवल करदाता नहीं, बल्कि विकास का भागीदार मानती है। छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े उद्योगों तक, व्यापार जगत रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा, सम्मान और हितों की रक्षा के साथ उन्हें भयमुक्त एवं पारदर्शी कारोबारी वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
### व्यापारियों के लिए ये हैं आठ प्रमुख घोषणाएं
1\. बाजारों में बुनियादी सुविधाएं: राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों और अन्य प्रमुख मार्गों से जुड़े बाजारों में सड़क एवं नाली निर्माण और मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
2\. आपदा प्रभावित कारोबारियों को राहत: आपदा से प्रभावित व्यापारियों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के लिए कार्रवाई की जाएगी।
3\. उद्योग मित्र समितियों का पुनर्गठन: व्यापारियों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए राज्य एवं जिला स्तर पर समितियों का पुनर्गठन कर नियमित बैठकें कराई जाएंगी।
4\. दुर्घटना बीमा की जानकारी: जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों के दुर्घटना बीमा से संबंधित जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि पात्र कारोबारियों के आश्रित समय पर दावा कर सकें।
5\. पर्यटन पंजीकरण होगा आसान: पर्यटन कारोबार के पंजीकरण की प्रक्रिया सरल बनाने के साथ सिंगल विंडो व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया जाएगा।
6\. होम स्टे का विस्तार: पर्यटन क्षेत्रों और जिला मुख्यालयों में होम स्टे को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय रोजगार को प्रोत्साहन मिल सके।
7\. चारधाम मार्ग पर पार्किंग: चारधाम यात्रा मार्ग पर आवश्यक स्थानों पर पार्किंग सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
8\. श्रमिकों को योजनाओं का लाभ: व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों को कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया जाएगा।
### 206 से अधिक सरकारी सेवाएं ऑनलाइन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निवेश और कारोबार से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल बनाने के लिए 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई हैं। निवेशकों की समस्याओं के समाधान के लिए निवेश मित्र व्यवस्था, उत्तराखंड स्टार्टअप नीति और 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड के माध्यम से उद्यमिता को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष औद्योगिक पार्क विकसित करने के उद्देश्य से भूमि चिह्नित की गई है। इससे पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने व्यापारियों से स्थानीय बाजारों तक सीमित न रहकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उत्तराखंड के उत्पादों एवं व्यवसायों की पहचान मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि व्यापारिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने और कारोबारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।
### सम्मेलन में जनप्रतिनिधि और व्यापारी रहे मौजूद
सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल की स्मारिका का विमोचन किया गया और विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत एवं सरिता आर्या, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष एवं दर्जा मंत्री नवीन वर्मा, प्रदेश महामंत्री प्रकाश मिश्रा, विष्णु शर्मा, बिट्टू पालीवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, मोहन पाठक, भावना मेहरा, शोएब अहमद, डॉ. यूनुस चौधरी, शांति मेहरा, रेनू अधिकारी, भुवन पाठक, हुकुम सिंह कुंवर, देवेंद्र ढेला, भाजपा प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल और राजेंद्र बिष्ट मौजूद रहे।
इसके अलावा जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी विवेक राय सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।


